पटना, आनलाइन डेस्‍क। Bihar Politics: राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD) व उसके सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से जुड़ी बड़ी खबर है। बताया जा रहा है कि पार्टी में नाराज चल रहे बिहार प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह अंतत: नहीं माने। अब उनका पद से हटना तय माना जा रहा है। सवाल यह भी है कि कौन होगा अगला प्रदेश अध्यक्ष? माना जा रहा है कि इस रेस में अब्दुल बारी सिद्दीकी सबसे आगे हैं। लालू के हनुमान माने जाने वाले भोला यादव को प्रधान महासचिव बनाए जाने की भी चर्चा है।


जगदानंद ने दिल्‍ली में लालू से की मुलाकात

सूत्र बताते हैं कि हाल ही में जगदानंद सिंह ने दिल्‍ली में लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। जगदानंद सिंह की लालू यादव से लंबी बातचीत हुई। जगदानंद ने अपने खराब स्‍वास्‍थ्‍य का हवाला देकर प्रदेश अध्‍यक्ष पद की जिम्‍मेदारी से मुक्‍त करने का आग्रह किया। लालू से मिलकर बिहार लौटे जगदानंद पटना के बदले सीधे अपने गांव चले गए। ऐसे में अब नए प्रदेश अध्‍यक्ष का चयन तय माना जा रहा है।